पंजाब में हैड कांस्टेबल की गोली मारकर हत्या
पंजाब के गुरदासपुर जिले में मानकौर बाईपास के पास एक पुलिस हेड कांस्टेबल का शव मिला है जिसके सिर पर चोट के निशान हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय हेड कांस्टेबल विनोद कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विनोद कुमार के परिजनों ने बताया कि रविवार रात ड्यूटी से लौटते समय कुमार ने अपने भाई को फोन किया था और कहा था कि बाईपास इलाके से वह उसे अपने साथ ले चले।
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्टर में "तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान" नामक संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों को धमकी दी है
मृतक के भाई ने बताया कि बस स्टैंड पहुंचने के बाद उसने विनोद से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने बसों में भी उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
एक घंटे से अधिक समय तक तलाश करने के बाद परिजनों को बाईपास के पास विनोद का शव मिला।
पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विनोद के सिर पर चोट के निशान थे। परिजनों को आशंका है कि विनोद की गोली मारकर हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।