अमिताभ बच्चन के घर फायरिंग करने की प्लानिंग के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दो शॉर्पशूटर्स को अरेस्ट किया है। इनमें जालंधर का रहने वाला विकास ठाकुर और तरनतारन का निवासी दीपक सिंह शामिल हैं। दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है। पुलिस के मुताबिक, विकास दिल्ली के एक कारोबारी पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने आया था। वहीं, दीपक 3 अक्टूबर को अमृतसर में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था दोनों शूटर्स को अलग-अलग काम सौंपे गए थे 1. अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में वांटेड था। इस मामले में उसके साथ शामिल पलविंदर सिंह उर्फ काका को पंजाब पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में पता चला कि दीपक को मुंबई में ज्यादा समय तक रुकने के लिए कहा गया था। उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी। पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार किया है। 2. दिल्ली के कारोबारी पर फायरिंग करनी थी दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के मुताबिक, विकास ठाकुर जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला है। उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। यहां उसे एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के लिए उसके ऊपर फायरिंग करनी थी। इस हमले में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने वारदात से पहले ही विकास को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुंबई में कार्रवाई कर दीपक को भी पकड़ लिया। अमिताभ पर आरोप लगे थे- दंगों में भीड़ को उकसाया था कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था। शिकायतकर्ताओं का दावा था कि अमिताभ ने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर 'खून का बदला खून' और 'खून के छींटे सिखों के घरों तक पहुंचने चाहिए' जैसे नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है।