सुपर स्टार क्रिकेटर ने आधी रात' को लिया संन्यास, नहीं भूलेगी 'डेडमैन' वाली अद्भुत पारी, यूं ठोका था दोहरा शतक
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, जिससे उनके 14 साल के करियर का अंत हो गया है।सीमित ओवरों की क्रिकेट के इस 38 वर्षीय धुरंधर खिलाड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अपना आखिरी मैच इस साल की शुरुआत में आईसीसी टी20 विश्व कप के दौरान ओमान के खिलाफ खेला था। उन्होंने पिछले साल वनडे को अलविदा कह दिया था। मैक्सवेल ने वनडे में 126.7 के स्ट्राइक रेट से 3990 रन और टी20 इंटरनेशनल मैचों में 154.4 के स्ट्राइक रेट से 2897 रन बनाए।
ग्लेन मैक्सवेल ने संन्यास की वजह बताई
ग्लेन मैक्सवेल ने मंगलवार को ‘द फाइनल वर्ड’ पॉडकास्ट पर कहा, ‘मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ विक्टोरिया के लिए घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास ले रहा हूं। ओलंपिक खेलों (2028 में) को देखते हुए मुझे लगता है कि अगले 12 से 24 महीनों में काफी बदलाव होने वाले हैं, ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि युवा खिलाड़ियों पर ध्यान दिया जाए और उन्हें इंटरनेशनल स्तर के दबाव का सामना करने का मौका मिले
अपनी पावर-हिटिंग के लिए ‘बिग शो’ के नाम से मशहूर मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 वनडे, 130 टी20 इंटरनेशनल और सात टेस्ट मैच खेले। वह ऑस्ट्रेलिया की दो वनडे विश्व कप और एक टी20 विश्व कप जीतने वाली टीमों के सदस्य भी रहे। उन्होंने कहा, ‘शायद अब समय आ गया है जब मुझे अपने शरीर पर थोड़ा और ध्यान देने की जरूरत है ताकि मैं अपने करियर में बाकी बचे हुए कुछ टूर्नामेंटों में भाग ले सकूं। मुझे इस बात की थोड़ी उम्मीद थी कि शायद मुझे एमसीजी में विदाई मैच खेलने का मौका मिल सकता है, लेकिन मैं टीम प्रबंधन की आगे की रणनीति को अच्छी तरह से समझ सकता हूं।’