ऑस्ट्रेलिया से लौटी पत्नी की चाकू मारकर हत्या,सामने आया ये कारण
पंजाब के लुधियाना में ऑस्ट्रेलिया से चार दिन पहले लौटी 49 वर्षीय कमलदीप कौर की उनके घर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई. उनका शव बेडरूम में खून से लथपथ मिला और शरीर पर कई चाकू के निशान थे. पुलिस ने हत्या के आरोप में उनके पति रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब के लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. ऑस्ट्रेलिया से करीब 4 दिन पहले लौटी 49 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. महिला का शव घर के बेडरूम में खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला. उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान कमलदीप कौर के रूप में हुई है. वारदात का पता चलने पर परिजन उसे दीप अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बेटे को सामान लेने भेजा, पीछे से मां की हत्या
मृतका के बेटे गगनदीप सिंह के मुताबिक, उसके पिता करीब 6 महीने से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे थे और शुक्रवार को ही वापस लौटे थे. वह दो दिन पहले पिता को अमृतसर एयरपोर्ट से लेकर आया था. बेटे ने बताया कि उसके पिता मां पर शक करते थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
गगनदीप के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े 4 से 5 बजे वह सामान लेने घर से बाहर गया था. वापस लौटा तो मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी. उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. बेटे का आरोप है कि पिता ने रसोई में चाकू धोकर रख दिया था और मां का शव बेडरूम में पड़ा था.
पड़ोसन ने सुनी बेटे की चीखें
पड़ोसन नरिंदर कौर ने बताया कि वह गुरुद्वारे से लौट रही थी. घर का गेट खुला देखकर उसने आवाज लगाई. तभी अंदर से बेटे के चिल्लाने की आवाज आई. उसने बताया कि बेटा कह रहा था कि आंटी जल्दी आओ, मम्मी को मार दिया है.