शहर के मेयर एवं हलका नॉर्थ के इंचार्ज विनीत धीर ने रबर फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित बैठक में शिरकत की और उद्योग जगत से जुड़े कारोबारियों के साथ औद्योगिक विकास एवं उनकी समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस दौरान उद्योगपतियों ने स्टेट रिफंड में आ रही दिक्कतों के अलावा गुज्जा पीर रोड और होशियारपुर रोड के निर्माण तथा विकासपुरी स्थित कूड़े के डंप की समस्या का समाधान करवाने की मांग उठाई। विनीत धीर ने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तालमेल कर समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना और कारोबारियों को पेश आ रही दिक्कतों को दूर करना जरूरी है, ताकि उद्योगों के विकास में कोई बाधा न आए। उन्होंने कहा कि पंजाब की आर्थिक तरक्की में उद्योग जगत का महत्वपूर्ण योगदान है। उद्योग न केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देते हैं, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करवाते हैं। ऐसे में उद्योगों को प्रोत्साहित करना, कारोबार के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना और उद्योगपतियों की जायज मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करना बेहद जरूरी है। मेयर ने कहा कि जालंधर का रबर फुटवियर उद्योग अपनी मेहनत, गुणवत्ता और कारोबारी क्षमता के दम पर देश-विदेश में पहचान रखता है। इस औद्योगिक पहचान को और मजबूत बनाने के लिए सरकार, प्रशासन और उद्योगपतियों के बीच बेहतर तालमेल एवं निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में उद्योग जगत की भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर विनीत धीर ने एसोसिएशन की ओर से आमंत्रित करने और मान-सम्मान देने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। बैठक में नीरज अरोड़ा, कपिल पुंछी, राजिंदर अरोड़ा, मंटू जुल्का, मोहिंदर पाल जुल्का, रमन जुल्का, नीरज कोहली, विजय शर्मा, अनु बांसल, सुरेश कोहली, आकाश जुल्का, केबल जुल्का, सन्नी पुंछी और शुभम सहित अन्य उद्योगपति मौजूद रहे।