जालंधर नॉर्थ हलके में आम आदमी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। भाजपा के बाद अब वार्ड नंबर 26 के रास्ता मोहल्ला निवासी समाज सेवक साहिब सहोता सैम अपने साथियों सहित पार्टी में शामिल हो गए। मेयर एवं जालंधर नॉर्थ हलका इंचार्ज वनीत धीर और पंजाब प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाते हुए स्वागत किया। उनके साथ शुभम मल्होत्रा, राघव शर्मा, बॉबी, रजत मल्होत्रा, पवन सहोता और मुकेश हंस ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसमें जिला प्रधान अमृतपाल सिंह की अहम भूमिका रही। इस मौके पर सिमर मलिक और प्रतीक शर्मा मौजूद रहे। इस अवसर पर मेयर वनीत धीर ने कहा कि साहिब सहोता सैम, समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं और लोगों के बीच उनकी सक्रियता सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि सैम और उनके साथियों के पार्टी में शामिल होने से जालंधर नॉर्थ में जनसंपर्क को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में समाज सेवा और जनहित के कार्यों से जुड़े लोगों का स्वागत है तथा सभी मिलकर क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे।