बीबी जागीर कौर की हो सकती है इस तारीख को अकाली दल में वापसी
पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) की वरिष्ठ नेता बीबी जागीर कौर की शिरोमणि अकाली दल (बादल) में वापसी की अटकलें एक बार फिर गर्म हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, बीबी जागीर कौर और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बीच पिछले काफी समय से बातचीत चल रही है।
बताया जा रहा है कि उनकी वापसी का कार्यक्रम पहले अक्टूबर माह में तय किया गया था, लेकिन बीबी जागीर कौर के दामाद युवराज भूपिंदर सिंह के पिता सूबेदार जगजीत सिंह की तबीयत खराब होने के चलते इस कार्यक्रम को दो बार स्थगित करना पड़ा। हाल ही में सूबेदार जगजीत सिंह का संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया, जिसके बाद से उनकी वापसी की चर्चाओं ने दोबारा जोर पकड़ लिया है। 13 को हो सकती है घोषणा
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 13 नवंबर को सुखबीर सिंह बादल बेगोवाल स्थित बीबी जागीर कौर के डेरे पर पहुंचकर परिवार के साथ शोक व्यक्त कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान ही पार्टी में उनकी आधिकारिक वापसी को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। हालांकि, बीबी जागीर कौर या सुखबीर सिंह बादल की ओर से कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।