पंजाब के कैबिनेट मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने आज नगर निगम कार्यालय जालंधर में जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जालंधर वेस्ट क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेना और आगामी विकास योजनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श करना था। बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री सुरिंदर पाल, एस.ई. श्री जसपाल सिंह, एक्सियन श्री सुखविंदर सिंह, एस.डी.ओ. श्री हरप्रीत सिंह सहित नगर निगम के विभिन्न जे.ई. तथा जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पार्षद मौजूद रहे। बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण, गलियों के निर्माण, सीवरेज, पानी की निकासी, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की मौजूदा स्थिति, कार्य पूरा होने की समय-सीमा तथा निर्माण कार्यों के दौरान आ रही समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। श्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जालंधर वेस्ट में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए और किसी भी क्षेत्र में विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। कैबिनेट मंत्री ने पार्षदों से भी उनके-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिनिधि जनता के बीच रहते हैं और उन्हें अपने क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं की बेहतर जानकारी होती है। इसलिए पार्षदों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों पर नगर निगम के अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़क, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट या अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि कार्य समय पर और निर्धारित मानकों के अनुसार पूरे हो सकें। बैठक में नगर निगम अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को जालंधर वेस्ट में चल रहे विभिन्न प्रोजेक्टों की प्रगति से अवगत करवाया तथा आने वाले दिनों में किए जाने वाले कार्यों को लेकर भी जानकारी साझा की। मंत्री ने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने तथा जनता की शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का उद्देश्य शहरों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना और विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर तेजी से लागू करना है। उन्होंने कहा कि जालंधर वेस्ट क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा और क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। बैठक के अंत में मंत्री ने अधिकारियों और पार्षदों से कहा कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लें तथा जहां भी किसी कार्य में कमी या रुकावट सामने आए, उसे तुरंत उनके ध्यान में लाया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।