जालंधर के पास फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के एक छात्र ने सुसाइड कर लिया। जानकारी के अनुसार, एक निजी PG में 21 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। छात्र कुछ दिन पहले ही यूनिवर्सिटी का हॉस्टल छोड़कर PG में रहने आया था। जानकारी के अनुसार, LPU के पास मेहरू गांव स्थित लॉ गेट इलाका छात्रों की चहल-पहल के लिए जाना जाता है। 10 और 11 अक्टूबर की दरमियानी रात को इसी इलाके के एक निजी पीजी में 21 साल के एक छात्र ने फांसी लगाई है। वह अपने कमरे में पंखे से चादर बांधकर फंदे पर लटक गया। जब छात्र के दोस्तों और पीजी संचालक को इस घटना का पता चला, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए पास के सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक छात्र ने केवल कुछ दिन पहले ही इस पीजी को किराए पर लिया था। घटना वाले कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इस बारे में पुलिस अभी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस आसपास के लोगों और छात्र के दोस्तों से पूछताछ कर रही है।