पंजाब को फिर नशे में डूबोने के लिए अकाली-भाजपा साथ आई-केजरीवाल
आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भाजपा और अकाली दल के बीच हुए गठबंधन को सत्ता की लालच में किया गया मौका परस्त समझौता करार दिया। ‘‘आप’’ ने कहा कि पंजाब को फिर नशे में डूबोने के लिए अकाली दल और भाजपा साथ आ गए हैं। पंजाब में 2007 से 2017 तक भाजपा और अकाली दल की सरकार थी। इसी दौरान पंजाब के घर-घर तक नशा पहुंचा और पंजाब की जवानी बर्बाद हुई। अब फिर से पंजाब को नशे में धकेलने के लिए अकाली और भाजपा ने गठबंधन कर लिया है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि तीन काले कृषि कानूनों को वापस कराने के बदले पंजाब के किसानों ने भारी कीमत चुकाई। अपने हक की मांग को लेकर डेढ़ साल तक पंजाब के किसान दिल्ली बॉर्डर पर डटे रहे। इस दौरान 750 किसानों को अपनी शहादत देनी पड़ी। भाजपा की केंद्र सरकार ने किसानों को दिल्ली में घुसने तक नहीं दिया। क्या भाजपा के साथ गठबंधन से पहले अकाली दल ने 750 किसानों की शहादत का हिसाब मांगा है? पार्टी ने कहा कि पंजाब की जनता भाजपा और अकाली दल के मंसूबे को भली-भांति समझ रही हैं और अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब चुनाव को लेकर भाजपा और अकाली दल के बीच हुए गठबंधन को लेकर कहा कि आम आदमी पार्टी का गठबंधन पंजाब की माताओं-बहनों के साथ है। ‘‘आप’’ का गठबंधन पंजाब के दलित समाज, किसानों, व्यापारियों समेत सभी वर्ग के लोगों के साथ है। ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं तो कभी अलग हो जाते हैं। हम लोग पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं। पूरा पंजाब हमारी सरकार का काम देखकर बहुत खुश है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने पिछले 70-75 सालों में पंजाब को पूरी तरह बर्बाद करने का काम किया था। अब पिछले पांच साल में भगवंत सिंह मान ने मेहनत करके पंजाब को फिर से ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं।
उधर, ‘‘आप’’ पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब के किसानों ने 2020 में भाजपा की सरकार को झुकाने के लिए भारी कीमत चुकाई। दिल्ली में धरना देने आ रहे पंजाब के किसानों को भाजपा ने देशद्रोही तक बोला। 700 से अधिक किसानों की जान गई। लाठियां खाईं, सर्द रातें सड़कों पर गुज़ारीं, लेकिन हक़ की लड़ाई से पीछे नहीं हटे। उस वक्त अकाली दल ने भाजपा से नाता तोड़ने का नाटक किया और आज वही दोनों दल फिर गलबहियां डालकर खड़े हैं।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि अकाली-भाजपा की जिस जोड़ी ने पंजाब में नशे का कहर बरपाया, पंजाब की एक पूरी पीढ़ी को बर्बाद किया और गैंगस्टरवाद फैलाया। उसी जोड़ी के शिकंजे से पंजाब बड़ी मुश्किल से बाहर निकला है। पंजाब के लोग उस दौर को भी नहीं भूले हैं और किसानों के साथ हुई गद्दारी को भी नहीं। सत्ता की खातिर फिर साथ आए इन दलों को पंजाब की जनता एक बार फिर जवाब देगी। पंजाब अब अपने भविष्य के साथ इन दोनों दलों को खिलवाड़ नहीं करने देगा।
वहीं, वरिष्ठ नेता और सांसंद संजय सिंह ने कहा कि जिस अकाली दल और भाजपा ने पंजाब के घर-घर में नशा पहुंचाने का अपराध किया, 10 तक पंजाब को बर्बाद करने का अपराध किया, आज फिर ये दोनों दल पंजाब को नशे के जाल मं झोंकने के लिए चुनावी गठबंधन कर रहे हैं। अकाली दल को बताना चाहिए कि भाजपा 750 किसानों की शहादत के लिए जिम्मेदार है, किसानों को खालिस्तानी और पाकिस्तानी कहा, किसानों को अपमानित किया, किसानों के खिलाफ तीन काले कानून लाए और किसानों पर लाठिया बरसाई, आंसू गैस के गोले छोड़े, अकाली उसी भाजपा के साथ गठबंधन कर रही है। यह गठबंधन जीरो प्लस जीरो बराबर जीरो है। दो जीरो का मिलन हो रहा है। इसलिए इनका नतीजा जीरो आना है।
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब की जनता देख रही है कि पंजाब को ड्रग्स और नशे में डुबोने वाले भाजपा और अकाली फिर से एक साथ आ गए हैं। पंजाब की जनता अपनी वोट की ताकत से इस गठबंधन को करारा जवाब देगी। भाजपा शासित गुजरात में अडानी के पोर्ट से 20 हजार करोड़ रुपए की ड्रग्स पकड़ी गई थी। आजतक अडानी से कोई पूछताछ नहीं हुई। गुजरात में जहरीली शराब पीकर 100 लोग मर गए। यूपी के अलीगढ़ में 115 लोग जहरीली शराब पीकर मर गए। भाजपा शासित राज्यों में खुलेआम नशा बिक रहा है। बिहार में शराबबंदी है फिर भी जहरीली शराब पीकर लोग मर रहे हैं। यूपी में योगी सरकार ने 27 हजार पाठशाला बंद कर 27 हजार मधुशाला खोल दिया है। भाजपा को ड्रग्स पर बोलने का अधिकार नहीं है।
‘‘आप’’ दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2007 से 2017 तक अकाली-भाजपा का गठबंधन था। अकाली और भाजपा सरकार के दौरान ही पंजाब में ड्रग्स एक महामारी की तरह फैला। इस दौरान 3 साल तक केंद्र में भी भाजपा की सरकार थी और पंजाब में भी अकाली दल के साथ सरकार में थी। भाजपा और अकाली दल की सरकार के समय में पूरे पंजाब में नशा फैला था। पिछले साढ़े चार साल में भगवंत मान की सरकार ने पंजाब में नशे पर काफी अंकुश लगा दिया है। अगर अकाली-भाजपा की सरकार पंजाब में फिर आ गई तो नशा वैसे ही पूरे पंजाब में फैल जाएगा। क्योंकि पंजाब का बॉर्डर भी अमित शाह के अधीन होगा और पंजाब सरकार भी उनकी होगी। फिर बॉर्डर पार से नशा आया करेगा और पंजाब की मार्केट में खुलेआम नशा बेचा जाएगा। पंजाब की जनता ऐसी गलती नहीं कर सकते।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पंजाब के 750 से ज्यादा सिख किसानों ने सिंघु बॉर्डर पर अपनी शहादत दी थी। उसका जवाब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को देना होगा। अकाली दल किसानों की शहादत का जवाब लिए बिना किस मुंह से भाजपा के साथ गठबंधन कर सकता है। भाजपा वाले तो सिखों और सिख किसानों को आतंकवादी, खालिस्तानी कहते थे। कनाडा से संरक्षण पा रहे आंदोलन जीवी कह रहे थे। अकाली दल को यह सारी बातें पंजाब की जनता को बतानी पड़ेगी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पीएम मोदी ने दिल्ली में वादा किया था कि हर महिला को हर महीने 2500 रुपए मिलेंगे। सीएम रेखा गुप्ता वादा पूरा करने का दावा करती हैं, लेकिन दिल्ली में रहने वाली करोड़ों महिलाओं में से महज 56 महिलाओं को कुछ पैसे देकर वादा पूरा कर दिया। भाजपा के झूठे वादों से पूरा देश वाकिफ है। अब जनता इनके झूठे वादों पर भरोसा नहीं करने वाली है। पंजाब चुनाव में अकाली और भाजपा दोनों जीरो सीट पर सिमट जाएंगी।