भगत चुनी लाल के निधन पर मनीष सिसोदिया ने भगत परिवार से जताई संवेदना
BURNING NEWS✍️
पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पिता एवं पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुनी लाल जी के निधन पर शोक संवेदनाओं का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बुधवार को कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के निवास जेपी नगर पहुंचे और भगत चुनी लाल जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मनीष सिसोदिया ने भगत परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन एवं दुखद घड़ी में हिम्मत और धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने दिवंगत भगत चुनी लाल जी की आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परमात्मा से परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस अवसर पर मनीष सिसोदिया ने कहा कि भगत चुनी लाल जी का सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में आम लोगों के हितों के लिए निरंतर कार्य किया और समाज में अपनी अलग पहचान कायम की। उनका निधन केवल भगत परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए भी एक बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान और समाज के प्रति उनकी सेवाओं को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति दें।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मनीष सिसोदिया द्वारा उनके परिवार के प्रति व्यक्त की गई संवेदनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में मनीष सिसोदिया का परिवार के बीच पहुंचना और उनके साथ खड़े होकर संवेदना व्यक्त करना उनके लिए संबल का कार्य है।
मोहिंदर भगत ने कहा कि पिता जी का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत रहा है। उनके निधन से परिवार ने अपना मार्गदर्शक और मजबूत सहारा खो दिया है। पिता जी द्वारा दिए गए संस्कार, सीख और जनसेवा की भावना सदैव उनके जीवन का मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पिता की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती, लेकिन उनके आदर्श और उनके द्वारा दिखाया गया सेवा का मार्ग परिवार के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
इस अवसर पर मोहिंदर भगत के भाई अश्वनी भगत, पुत्र अतुल भगत, भतीजे चंदन भगत सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा पंजाब गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत, जिला आम आदमी पार्टी अध्यक्ष अमृतपाल, विधायक बलकार सिंह, हलका नॉर्थ के इंचार्ज एवं मेयर विनीत धीर, हलका सेंट्रल के इंचार्ज नितिन कोहली, दीपक बाली, राविंदर बंसल, पूर्व विधायक बंसल, हरचरण सिंह संधू, राजविंदर कौर थिआडा, चेयरमैन प्रदीप दुग्गल,भारत भूषण जैरथ, ओंकार टिक्का, अयूब दुग्गल,सौरभ सेठ, कुलदीप भगत गगन तथा जालंधर वेस्ट के सभी पार्षद व चेयरमैनों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
सभी ने पूर्व मंत्री भगत चुनी लाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। परिवार के सदस्यों ने भी मनीष सिसोदिया सहित सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों द्वारा दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने तथा संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए आभार जताया।