15 अगस्त को जालंधर में कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह का आयोजन श्री गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम, जालंधर में किया जाएगा। इस गरिमामय समारोह में पंजाब सरकार के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी तथा रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री श्री मोहिंदर भगत मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे।
समारोह के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों, पंजाब पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी तथा स्कूली विद्यार्थियों की टुकड़ियां आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगी। मुख्य अतिथि श्री मोहिंदर भगत परेड का निरीक्षण करेंगे तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश देंगे। समारोह में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।