शहर के सोढल इंडस्ट्री एरिया इलाके में तेज रफ्तार स्कूल बस और पिकअप गाड़ी को टक्कर से बचाती हुई अनियंत्रित होकर एक घर के गेट से जा टकराई। हादसे के समय बस में करीब 10 बच्चे सवार थे, जिनमें से एक बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि घर का गेट टूट गया और दीवारों में दरारें आ गईं। परिवार ने हादसे की सूचना संबंधित थाना एक की पुलिस को दी। घर की मालकिन राजवंत कौर ने बताया कि वह हादसे के समय घर में मौजूद थीं। अचानक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर उनके घर के गेट से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बहुत जोरदार आवाज आई घर का गेट बुरी तरह टूट गया और दीवारों में दरारें आई हुई थी। हादसे के दौरान घर के अंदर खड़ी गाड़ी बस की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। राजवंत कौर ने कहां इस चौराहे पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि यहां स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि बस चालक के खिलाफ स्कूल प्रशासन को शिकायत दी गई है और मामले की सूचना थाना नंबर-1 की पुलिस को भी दे दी गई है। दूसरी तरफ टिप्स स्कूल के बस के चालक शैली निवासी मलिका चौक ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से स्कूल बस चला रहे हैं। उनके कहां कि जब वह अंडरब्रिज से इंडस्ट्री एरिया की तरफ आ रहे थे, तभी चौराहे पर अचानक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी सामने आ गई। पिकअप को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर घर से टकरा गई। चालक ने दावा किया कि बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी, बल्कि ब्रेक में प्रेशर होने के कारण ब्रेक लगाने पर बस अनियंत्रित हो गई और घर के गेट में टकरा गई। हादसे के बाद पिकअप गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। उसने हादसे की सूचना स्कूल प्रबंधकों को दी, जिसके बाद स्कूल प्रबंधकों ने दूसरी बस मौके पर भेजी, जिसके जरिए बच्चों को उसमें शिफ्ट कर स्कूल पहुंचाया गया। स्कूल प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घर के परिवार से बातचीत की। फिलहाल, थाना नंबर-1 की पुलिस को शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है।