पुलिस हिरासत में केजरीवाल का देश से अपील, ‘‘सब लोग दिल्ली चलो’’
देश की राजधानी में शनिवार को हर तरफ पीएम मोदी की दिल्ली पुलिस का तांडव देखने को मिला। वोट चोरी के खिलाफ ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत सभी बड़े नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इससे पहले, अरविंद केजरीवाल के घर को छावनी में तब्दील कर दिया। जिसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि सब लोग दिल्ली आएं। अगर पुलिस रोके तो उसी जगह को जंतर-मंतर बनाकर धरने पर बैठ जाएं। वोट चोरी कर जीत रहे मोदी जी लोकतंत्र को कुचलकर अपने फर्जीवाड़े को दबा रहे हैं, लेकिन अब देश का युवा जाग चुका है। मोदी जी की तानाशाही से डरने वाला नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हमें हिरासत में ले लिया है। देश का युवा अब जाग चुका है और वह मोदी जी की तानाशाही से डरने वाला नहीं है। अब ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही पड़ेगा, क्योंकि लोग अब इनकी वोट चोरी को बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं। सभी देशवासी अपने-अपने घरों से निकलिए और देश को बचाने के लिए इस संघर्ष में शामिल होइए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अंदर प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने तानाशाही का तांडव शुरू किया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स हैं। किसी को अपने घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है। सड़क पर चलते हुए लोगों को पुलिस पकड़ रही है और किसी को कहीं जाने नहीं दिया जा रहा है। इन्होंने पूरे देश के अंदर तानाशाही मचा रखी है। ऐसा इसलिए है क्योंकि अभी तक मोदी जी चुनाव केवल वोट चोरी करके जीतते थे। अब मोदी जी रंगे हाथों पकड़े गए हैं और अब वे इसे दबाना चाहते हैं तथा इसे आगे भी जारी रखना चाहते हैं। लेकिन देश के लोग ऐसा नहीं होने देंगे, देश का युवा खड़ा हो चुका है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका, सौरभ दास और गुरुग्राम से ध्रुव राठी तथा रत्ना सिंह जैसे सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे देश के युवा बहुत गुस्से में हैं। जो लोग मेरी यह बात सुन रहे हैं, मैं पूरे देश के लोगों और युवाओं से हाथ जोड़कर अपील करना चाहता हूं कि हम सब लोगों को मिलकर देश को बचाना होगा।
अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग देश में जहां भी हैं, अभी अपने घर से निकलिए और दिल्ली की तरफ कूच कीजिए। दिल्ली आइए, चाहे स्कूटर पर आइए, पैदल आइए, बस में आइए, हवाई जहाज में आइए या ट्रेन में आइए। जैसे भी आ सकते हैं, आइए। जहां मोदी जी लोगों को रोकें, वहीं बैठ जाइए और उसी जगह को जंतर-मंतर बना दीजिए। पूरे देश को जंतर-मंतर बना दीजिए। लेकिन मोदी जी को वोट चोरी करने से रोकना पड़ेगा, नहीं तो यह देश और जनतंत्र नहीं बचेगा।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि अब यह पूरी तरह से साफ हो गया है कि देश में इमरजेंसी से भी बदतर हालात हैं। हम मोदी के शासन वाली पूर्ण तानाशाही में जी रहे हैं। कॉकरोचों को सीधे उनकी फ्लाइट से ही गिरफ्तार कर लेना, मोदी के अंदर बैठे एक ऐसे खौफ को दर्शाता है जो पहले कभी नहीं देखा गया। पीएम मोदी बहुत अच्छे से जानते हैं कि उन्होंने चुनाव केवल वोट चोरी करके जीता है और अब वह लोकतंत्र को पूरी तरह से कुचलकर अपने इस फर्जीवाड़े को बचाने पर तुले हुए हैं। ज्ञानेश कुमार को तो पद छोड़ना ही होगा, लेकिन मोदी को भी जाना होगा।
एक चोर को बचाने के लिए मोदी जी ने पूरे देश में आपातकाल लगा दिया- संजय सिंह
“आप” के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि एक चोर को बचाने के लिए मोदी ने पूरे देश में आपातकाल लगा दिया है। पूरी दुनिया में यह पहला उदाहरण है, जहां एक चोर को बचाने के लिए पूरे देश को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पूरी दिल्ली बंद कर दी गई है और दिल्ली आने वाली ट्रेनें भी रोक दी गई हैं। केवल एक चोर को बचाने के लिए मोदी द्वारा आपातकाल से भी बुरी स्थिति पैदा कर दी गई है, क्योंकि उस वोट चोर ने वोट चोरी करके इनकी कई सरकारें बनवाई हैं। इसीलिए आम आदमी पार्टी सीजेपी के प्रदर्शन का समर्थन कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि एक वोट चोर सबसे महत्वपूर्ण हो गया है। ज्ञानेश कुमार और मोदी जी की जोड़ी देश में सरकारों की चोरी और वोट चोरी करेगी। मैं मोदी जी को एक सलाह देना चाहता हूं कि वे बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं। अगर वे लोगों की आवाज को दबाएंगे, तो पूरे देश में उनके खिलाफ और विद्रोह खड़ा होगा और लोगों के मन में आक्रोश पैदा होगा। इसलिए इसे डंडे से निपटने की कोशिश मत कीजिए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सबको इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना है। दिल्ली और यह देश किसी की तानाशाही या हिटलरशाही से नहीं चल सकता। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना हमारा लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकार है।
भाजपा की बेशर्म दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के साथ हाथपाईं की- सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लोग अपना हक मांगने देश की राजधानी आए हुए हैं। ऐसे तो अंग्रेज भी नहीं करते थे, जब महात्मा गांधी अपना हक मांगने के लिए दांडी मार्च करते थे, तो अंग्रेज भी उन्हें साबरमती से दांडी तक जाने देते थे और अपनी आवाज उठाने का मौका देते थे। आज की सरकार कह रही है कि नागरिक अपनी आवाज भी नहीं उठा सकते। अगर इस देश में लोगों को अपनी बात नहीं कहने दी जाएगी, तो सरकार खुद अराजकता फैलाने का काम कर रही है।