पंजाब प्रेस क्लब में पत्रकारों का हंगामा,लगे ये आरोप
BURNING NEWS✍️
पंजाब प्रेस क्लब में बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के साथ आयोजित ब्रेकफास्ट कार्यक्रम के दौरान क्लब के कुछ सदस्यों को कॉन्फ्रेंस हॉल में जाने से रोक दिया गया। इस पर पत्रकारों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह को पंजाब प्रेस क्लब में ब्रेकफास्ट कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। इस दौरान क्लब के कुछ सदस्य रोजाना की तरह प्रेस क्लब पहुंचे और कॉन्फ्रेंस हॉल की ओर जाने लगे। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिस सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोक दिया और कहा कि अंदर सिर्फ गवर्निंग काउंसिल के पदाधिकारियों को ही जाने की अनुमति है।
इस बात से नाराज पत्रकारों ने मौके पर ही विरोध जताया। देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के सामने ही हंगामा शुरू हो गया।
स्थिति को बिगड़ता देख पंजाब प्रेस क्लब के प्रधान जसबीर सैनी ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
मौके पर पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने भी स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि “ये सभी भी मेरे भाई जैसे हैं, ऐसी कोई बात नहीं है।”
सूत्रों के अनुसार, विवाद की वजह यह रही कि गवर्निंग काउंसिल के एक पदाधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया था कि कॉन्फ्रेंस हॉल में किसी अन्य सदस्य को प्रवेश न दिया जाए। इसी बात को लेकर क्लब के सदस्यों ने आपत्ति जताई और विरोध दर्ज कराया। बाद में बातचीत के जरिए मामला समाप्त कर दिया गया।