BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन से 5 लोगों की मौत, 14 यात्री घायल; यात्रा रुकीजम्मू में भारी बारिश के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर मंगलवार को लैंड स्लाइड होने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं. इसकी जानकारी श्राइन बोर्ड ने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल के जरिए दी है. यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालुओं का एक समूह वैष्णो देवी भवन की ओर बढ़ रहा था.
श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जय माता दी. अर्धकुंवारी में भूस्खलन की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है और 14 अन्य घायल हो गए हैं. बचाव कार्य जारी है
हादसे के तुरंत बाद बचाव दल, एनडीआरएफ, श्राइन बोर्ड के कर्मचारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू कर दिया. लैंडस्लाइड की वजह से वैष्णो देवी यात्रा को स्थगित कर दिया है. जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के कारण रियासी जिले के त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर मंगलवार दोपहर लैंडस्लाइड हुआ है.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जिला प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. मौसम विभाग के अनुसार, हाल के दिनों में हुई भारी बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की संभावना पहले से बनी हुई थी. प्रशासन ने पहले ही तीर्थयात्रियों को सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी के साथ यात्रा करने की सलाह दी थी. फिलहाल, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.