संत शिरोमणि सतगुरु कबीर महाराज जी के 628वें प्रकाश पर्व को समर्पित भव्य एवं विशाल शोभायात्रा 27 जून 2026 (शनिवार) को मुख्य कबीर मंदिर, भार्गव कैंप से श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, जालंधर के मेयर विनीत धीर तथा सतगुरु कबीर मंदिर के चेयरमैन सतीश बिल्ला ने शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मार्ग की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि सतगुरु कबीर महाराज जी की शिक्षाएं मानवता, भाईचारे, समानता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के सफल संचालन के लिए पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह शोभायात्रा समाज को एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

वहीं मेयर विनीत धीर ने कहा कि नगर निगम द्वारा शोभायात्रा के मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सतगुरु कबीर महाराज जी का प्रकाश पर्व पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और नगर निगम इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

सतगुरु कबीर मंदिर के चेयरमैन सतीश बिल्ला ने बताया कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में संगत, धार्मिक संस्थाएं, सामाजिक संगठन एवं विभिन्न झांकियां शामिल होंगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सतगुरु कबीर महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएं।
इस अवसर पर पार्षद पति सौरभ सेठ, पार्षद पति सुदेश भगत, डॉ राकेश कुमार प्रधान सतगुरु कबीर मंदिर,एस ई रजनीश डोगरा, एक्सियन सुखविंदर सिंह,जेई गितांश,जेई हरिंदर सिंह, नितिन कुमार, उमेश कुमार, कुलदीप भगत (गगन) उपस्थित थे।