भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर गर्लफ्रेंड समरीन कौर के साथ कई तस्वीरें शेयर की हैं। अर्शदीप ने रोमांटिक अंदाज में समरीन को जन्मदिन की बधाई दी है। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने सोमवार को अपनी गर्लफ्रेंड समरीन कौर को उनके जन्मदिन पर बेहद रोमांटिक अंदाज में बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ प्यारी तस्वीरें शेयर की, जिसमें दोनों के बीच की खास बॉन्डिंग साफ नजर आ रही है। छुट्टियों के दौरान बिताए गए सुकून भरे पलों से लेकर कैंडिड तस्वीरों तक, अर्शदीप के इस पोस्ट ने दोनों के रिश्ते पर खुलकर मुहर लगा दी है। अर्शदीप ने हर तस्वीर के साथ लिखा अलग कैप्शन अर्शदीप ने हर तस्वीर के साथ अलग कैप्शन लिखा। एक तस्वीर पर उन्होंने लिखा, 'जन्मदिन मुबारक मेरी जान, समझदार, परिपक्व और खूबसूरत पार्टनर।' अर्शदीप ने भले ही जन्मदिन की बधाई देते हुए सरल शब्दों का चयन किया, लेकिन हर तस्वीरों ने बहुत कुछ कह दिया। पोस्ट में दोनों एक-दूसरे के साथ पोज देते और प्यार भरे पल साझा करते नजर आए और आखिरी तस्वीर के कैप्शन ने इस प्यार का खुलकर इजहार कर दिया। अर्शदीप ने लिखा, 'आई लव यू सो मच।' अर्शदीप के साथ लगातार आ रहीं नजर समरीन पिछले कुछ समय से अर्शदीप के सोशल मीडिया पोस्ट्स में लगातार नजर आ रही हैं और दोनों अपने इस रिश्ते को फैंस के सामने खुलकर जाहिर कर रहे हैं। उनके सार्वजनिक रूप से साथ दिखने और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ बातचीत करने ने भी सबका ध्यान खींचा है। यह जन्मदिन का पोस्ट हाल ही में सुर्खियों में आए उनके एक अन्य रोमांटिक अंदाज के बाद आया है, जो उनके मैचिंग टैटू से जुड़ा था।