: पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत द्वारा रक्षाबंधन के त्योहार के अवसर पर आज करीब 1300 सत्कार सखियों का विशेष सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनके साथ मेयर विनीत धीर और चेयरमैन जिला योजना समिति अमृतपाल सिंह भी मौजूद थे। यहां बस्ती पीर दादा रोड पर मनाए गए रक्षाबंधन महोत्सव समारोह के दौरान संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इन सत्कार सखियों ने मुख्यमंत्री मांवां-धीया सत्कार योजना को महिलाओं तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि इन सत्कार सखियों की मेहनत के कारण योग्य लाभार्थियों के खातों में सम्मान राशि पहुंचना शुरू हो गई है। श्री भगत ने कहा कि सत्कार सखियों की बदौलत जालंधर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र की 52 हजार महिलाओं को मांवां-धीया सत्कार योजना के तहत पंजीकृत किया गया, जो आज सम्मान राशि प्राप्त कर रही है। उन्होंने इस व्यापक सरकारी योजना को घर-घर पहुंचाने के लिए सभी सत्कार सखियों की मेहनत और सहयोग की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सम्मान और कल्याण के लिए दृढ़ वचनबद्ध है और महिलाओं की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी राज्य सरकार द्वारा महिलाओं की बेहतरी के लिए कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर महिलाओं को रक्षाबंधन के त्योहार की बधाई देते हुए उनसे राखी बंधवाई और उपहार भी भेंट किए। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि भाई-बहन के प्यार, विश्वास, स्नेह और आपसी सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र त्योहार हमें रिश्तों की कद्र करने के साथ-साथ समाज में महिलाओं को उचित मान-सम्मान देने की प्रेरणा भी देता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं के अलावा अन्य विभिन्न हस्तियाँ भी मौजूद थी।