BURNING NEWS✍️

भारी बारिश के चलते हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ पंजाब में भी बाढ़ का कहर बरप रहा है। सतलुज, ब्यास और रावी जैसी नदियां अपने पूरे उफान पर हैं। इन नदियों का जलस्तर खतरे के निशान पर आने से पंजाब के गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, अमृतसर और होशियारपुर में हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं। इन जिलों में गांव के गांव बाढ़ में डूब गए हैं। इस बीच कई परिवार और लोग जहां के तहां फंस गए हैं। जिन्हें वहां से सुरक्षित निकालने का काम किया जा रहा है।

CM मान ने अपना सरकारी हेलीकॉप्टर दिया

पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों से पीड़ित लोगों को सुरक्षित निकालने और उन्हें राशन-पानी की मदद पहुंचाने के लिए सीएम भगवंत मान ने अपना सरकारी हेलीकॉप्टर दे दिया है। जब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों में ज़रूरत होगी, मुख्यमंत्री मान का हेलीकॉप्टर जनसेवा के लिए उपलब्ध रहेगा। सीएम भगवंत मान ने कहा कि, पंजाब सरकार का ये हेलीकॉप्टर जनता का है क्योंकि जनता की बनाई हुई ये सरकार है। जब तक पंजाब के लोगों के बचाव और राहत कार्य के लिए इसकी ज़रूरत है, तब तक यह हेलीकॉप्टर लोगों के लिए तत्पर रहेगा।

ग्राउंड ज़ीरो पर उतरे CM भगवंत मान

पंजाब के CM भगवंत मान खुद ग्राउंड ज़ीरो पर भी उतरे हुए हैं। उन्होंने आज गुरदासपुर और पठानकोट के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया है। इसी बीच उन्होंने अपना सरकारी हेलीकॉप्टर लोगों के राहत-बचाव कार्य के लिए दे दिया। बाढ़ग्रस्त इलाकों में अपने दौरे के दौरान सीएम मान ने वहां पीड़ित लोगों से बातचीत भी की और उनका हौसला बढ़ाया। लोगों ने भी खुलकर सीएम मान के सामने अपनी परेशानी बयां की। सीएम मान ने भी लोगों की हर परेशानी के निदान का भरोसा दिया।