विधानसभा हलका जालंधर नॉर्थ के इंचार्ज एवं मेयर वनीत धीर ने वार्ड-26 के रास्ता मोहल्ला निवासियों को बड़ी राहत देते हुए पिछले 40-45 वर्षों से चली आ रही नालियों की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। मेयर ने आज मोहल्ले में नालियों के नवनिर्माण और उन्हें सीवरेज व्यवस्था से जोड़ने के कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना से इलाके के लोगों को लंबे समय से पेश आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। मोहल्ला निवासियों के अनुसार, नालियों की खराब व्यवस्था के कारण उन्हें लंबे समय से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। नालियों के पुनर्निर्माण और सीवरेज से जोड़ने का काम पूरा होने के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को गंदगी व जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर मेयर वनीत धीर ने कहा कि लोगों की सेवा करना उनका परम कर्तव्य है। आम आदमी पार्टी की सरकार लोगों की बुनियादी समस्याओं के समाधान और शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मेयर ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम स्तर पर जरूरी कदम उठाए जाते रहेंगे। इस मौके पर उनके साथ ब्लॉक प्रधान भारत भूषण, अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड पंजाब के सदस्य परवीन अग्रवाल, वार्ड इंचार्ज शिवम वाही और निशु नैय्यर भी मौजूद रहे।