Ammy Virk पर जानलेवा हमला, फायरिंग के समय कार में ही थे पंजाबी सिंगर
कनाडा में मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क की गाड़ी पर फायरिंग हुई है। कनाडा के एबॉट्सफोर्ड इलाके में उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। हमले के वक्त एमी विर्क गाड़ी में मौजूद थे, लेकिन वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। हालांकि इस घटना की वजह से कनाडा में पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
शो खत्म कर लौट रहे थे एमी विर्क
एमी विर्क कनाडा में अपना शो करने गए थे। 5 सितम्बर यानी शनिवार को देर रात वह अपना शो खत्म कर अपनी गाड़ी रोल्स रॉयस कलिनन में बैठे और तभी अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। 7 से 10 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 7 के निशान गाड़ी पर मिले।
हमले के वक्त गाड़ी में थे चार लोग
हमले के वक्त गाड़ी में एमी विर्क समेत चार लोग सवार थे। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। एबट्सफोर्ड पुलिस ने घटना की पुष्टि की है। एबॉट्सफोर्ड पुलिस की मेजर क्राइम यूनिट मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में इसे टारगेटेड शूटिंग माना जा रहा है।
कौन हैं एमी विर्क?
एमी विर्क का असली नाम अमनइंदरपाल सिंह विर्क है। उनका जन्म 11 मई 1992 को पंजाब के नाभा में हुआ था। उन्होंने बायोटेक्नोलॉजी में पोस्ट-ग्रेजुएट डिग्री हासिल की है। इसके बाद उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाई और फिर साल 2015 में पंजाबी फिल्म 'अंगरेज' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद, 'निक्का जैलदार' सीरीज, 'किस्मत', 'सुफना', 'पुआडा', 'सौंकन सौंकने', 'आजा मेक्सिको चलिये' और 'मौड़' जैसी फिल्मों के जरिए वे पंजाबी सिनेमा के बड़े स्टार बन गए। वहीं अब एमी धीरे-धीरे हिंदी सिनेमा में भी अपनी जगह बना रहे हैं।
कनाडा में लगातार निशाना बन रहे पंजाबी सितारे
यह पहली बार नहीं है। कनाडा में पंजाबी सिंगर्स और एक्टर्स पर पहले भी हमले हुए हैं।
एपी ढिल्लों: 1 सितम्बर, 2024 को वैंकूवर आइलैंड के कोलवुड में पंजाबी सिंगर एपी ढिल्लों के घर पर 14 राउंड फायरिंग हुई थी।
प्रेम ढिल्लों: फरवरी 2025 में कनाडा में पंजाबी सिंगर प्रेम ढिल्लों के घर को निशाना बनाकर फायरिंग की गई।
कपिल शर्मा: 9 जुलाई 2025 को सरे में कॉमेडियन कपिल शर्मा के काप्स कैफे के बाहर गोलियां चलाई गईं थी।