CIA स्टाफ बनकर घर में घुसकर ले रहे थे तलाशी,असली पुलिस ने पकड़ा
BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
जालंधर में नकली सीआइए स्टाफ ने एक घर में रेड कर दी पर बाद में वहां असली पुलिस पहुँच गई जिन्होंने आरोपियों को काबू कर लिया।
CIA स्टाफ का कर्मचारी होने की झूठी पहचान बताकर एक घर की तलाशी लेने की कोशिश करने वाले व्यक्ति को थाना भार्गो कैंप पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर काबू कर लिया। आरोपी की पहचान करण कुंद्रा निवासी बस्ती गुजां, जालंधर के रूप में हुई है।
ACP वेस्ट जालंधर आतिश भाटिया, PPS ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना भार्गो कैंप पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात व्यक्ति खुद को CIA स्टाफ का कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी ले रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी तुरंत मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ में उसकी पहचान करण कुंद्रा के रूप में हुई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से NDPS Act के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी झूठी पहचान बताकर घर की तलाशी लेने का प्रयास किया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज करने सहित बनती कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बनकर संदिग्ध तरीके से कार्रवाई करता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।