पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर लेक्चरर पत्नी को पिलाया टायलेट क्लीनर,मौत
जालंधर में टॉयलेट क्लीनर पिलाकर लेक्चरर पत्नी नेहा (36) की हत्या मामले में नए खुलासे हुए हैं। नेहा के भाई ने आरोप लगाया कि उसके जीजा की प्रेमिका सतपाल कौर भी मौका-ए-वारदात पर मौजूद थी। उसने भी उसकी बहन को टॉयलेट क्लीनर पिलाने में हेल्प की।
"भाई के बयान पर पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति उमंग बस्सी के साथ उसकी प्रेमिका सतपाल कौर को भी नामजद कर लिया है। वहीं, मृतक नेहा की भाभी दिव्या ने कहा कि आरोपी अपने साथ पिस्टल रखता था। इससे पहले कई बार नेहा को कह चुका था कि तेरे मुंह में गोली मार दूंगा।
दिव्या ने अपनी झोली फैलाते हुए कहा कि नेहा की अंतिम निशानी उसकी 6 साल की बेटी कियारा को उसे सौंपा जाए। उसे शक है कि आरोपी कहीं उसे भी न मार दे।
उन्होंने कहा कि नेहा वेंटिलेटर पर भी अंतिम बार गर्दन घुमाकर अपनी बेटी को तलाशती रही। उसकी बेटी को देखे बिना मौत हो गई। वह बार-बार कह रही थी कि बेटी के देखे बिना नहीं मरना चाहती। उसके अंतिम शब्द थे कि मेरी बेटी को अपनी बेटी की तरह पालना ।
7 साल पहले मेटरीमोनियल साइट से शादी:
सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ कॉलेज में लेक्चरर नेहा की भाभी दिव्या ने बताया कि ननद की शादी लगभग 7 साल पहले फरवरी 2019 में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए करतारपुर मंडी निवासी उमंग बस्सी के साथ हुई थी। उमंग बस्सी का परिवार करतारपुर मंडी में 'सुरेंद्र ट्रेडर्स' के नाम से आढ़त का कारोबार करता है।
नेहा को हार्पिक पिलाते वक्त प्रेमिका भी साथ थी: नेहा के भाई अमरीश कुमार ने आरोप लगाया कि जब उसकी बहन को टॉयलेट क्लीनर पिलाया गया तो उस समय उमंग बस्सी की प्रेमिका सतपाल कौर भी मौके पर थी। उमंग, उसकी मां कुसुम बस्सी और प्रेमिका सतपाल कौर तीनों ने उसके मुंह में हार्पिक डाला।
जज के सामने दिए बयान से हुआ खुलासा:
दिव्या ने बताया कि नेहा की गंभीर हालत को देखते हुए जज साहिबा ने खुद अस्पताल पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए। बयानों में नेहा ने स्पष्ट किया कि उसके पति उमंग बस्सी, सास कुसुम बस्सी और पति की प्रेमिका सतपाल कौर ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने के लिए टॉयलेट क्लीनर पिलाया है। नेहा के अनुसार उसे जबरन हार्पिक पिलाया गया। नेहा की सास ने उसे दो गिलास पानी पिलाया था, ताकि तेजाब शरीर में पूरी तरह फैल जाए और बचने की कोई गुंजाइश न रहे।