भार्गव कैंप निवासी रमन कुमार के लिए उस समय जिंदगी बेहद मुश्किल हो गई, जब चिकित्सकीय कारणों से उनकी एक टांग काटनी पड़ी। दिव्यांगता के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों और आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। रमन कुमार की परेशानी को देखते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अरोड़ा आई अस्पताल के सहयोग से उन्हें इलेक्ट्रॉनिक ट्राई साइकिल भेंट की। इस पहल से रमन कुमार को आवागमन में काफी राहत मिलेगी और वे अधिक आत्मनिर्भर होकर अपनी जिंदगी आगे बढ़ा सकेंगे। इस अवसर पर मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि जरूरतमंद और दिव्यांग लोगों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से जरूरतमंद लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इलेक्ट्रॉनिक ट्राई साइकिल मिलने पर रमन कुमार ने कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत और अरोड़ा आई अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से उनके लिए जिंदगी की राह काफी आसान होगी। इस अवसर पर डॉ अमनदीप अरोड़ा, डॉ अमनजोत कौर, डॉ नवनीत, सुरिंदर दूना, रमेश भगत,विजय काका, कुलदीप भगत गगन एवं अन्य उपस्थित थे।