BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA शराब पिलाने का लाईसेंस देने की एवज़ में रिश्वत लेने वाले एकसाइज विभाग के अधिकारी को विजिलेंस टीम ने काबू किया है। पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने एक्साइज डिपार्टमेंट जालंधर में तैनात सीनियर असिस्टेंट सतनाम सिंह को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों अरेस्ट किया है। आरोपी अधिकारी ने एक रेस्टोरेंट मालिक से ड्राफ्ट बीयर और वाइन बेचने के लाइसेंस (L-5B) की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और मंजूरी दिलाने के एवज में इस रिश्वत की मांग की थी। विजिलेंस की मुस्तैदी के चलते आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा गया। यह कार्रवाई जालंधर जिले की तहसील फिल्लौर के गांव नागरा निवासी एक रेस्टोरेंट मालिक की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ता ने रेस्टोरेंट में ग्राहकों को ड्राफ्ट बीयर और वाइन परोसने के लिए L-5B लाइसेंस लेना चाहता था, जिसके लिए उसने आबकारी विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया था। फाइल सीनियर सहायक सतनाम सिंह के पास पहुंची, तो उसने काम जल्दी करवाने और अनुकूल रिपोर्ट देने के लिए शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता भ्रष्टाचार के खिलाफ था और रिश्वत देने का बिल्कुल इच्छुक नहीं था। उसने समझदारी दिखाते हुए आरोपी अधिकारी के साथ हुई रिश्वत की पूरी बातचीत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उसने तुरंत विजिलेंस ब्यूरो की जालंधर रेंज से संपर्क किया और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई।