BURNING NEWS✍️
सतगुरु कबीर साहिब महाराज जी के 628वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को भार्गव कैंप स्थित मुख्य सतगुरु कबीर मंदिर में प्रदेश स्तरीय भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ किया गया। समारोह में पंजाब सरकार की ओर से केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सतगुरु कबीर साहिब महाराज जी के चरणों में नतमस्तक होकर मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश ग्रहण किया। धार्मिक वातावरण में आयोजित समारोह में कबीर वाणी का गुणगान किया गया तथा समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता और सेवा भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्य सतगुरु कबीर मंदिर के पदाधिकारियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही मंदिर प्रबंधन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया।
केबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अपने संबोधन में कहा कि सतगुरु कबीर साहिब जी की शिक्षाएं आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि कबीर साहिब ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, सत्य, प्रेम और समानता का संदेश दिया, जो वर्तमान समय में और भी अधिक प्रासंगिक है। उन्होंने सभी से उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
समारोह में हल्का इंचार्ज नितिन कोहली, वाइस चेयरमैन कीमती भगत, चेयरमैन रमनीक रंधावा, जिला प्रधान अमृतपाल सिंह, पूर्व पार्षद राजीव ओंमकार टिक्का, पार्षद पति सुदेश भगत, युवा नेता अतुल भगत, चन्दन भगत, चेयरमैन स्वर्ण सलारिया, प्रदीप दुग्गल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन श्रद्धालुओं के लिए आयोजित लंगर सेवा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।