BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
पंजाब में लगातार बारिश और बाढ़ को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित घोषित कर दिया है। इस समय प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और 1200 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर के 324 गांवों पर पड़ा है। अमृतसर में 135, बरनाला में 134 और होशियारपुर में 119 गांव प्रभावित हुए हैं। 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं। इसी बीच प्रदेश के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चेतावनी दी है कि नंगल इलाके में लगातार बारिश हो रही है, जिससे खड्डों और सतलुज के किनारे गांवों के बांध कमजोर हो गए हैं। उन्होंने लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। हरिके पत्तन हेड वर्क्स से 3 लाख 5 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने तरनतारन को हाई फ्लड एरिया घोषित कर दिया है। इस पानी का असर फाजिल्का और फिरोजपुर के कई गांवों में पड़ेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज संगरूर में बाढ़ प्रभावित एरिया का जायजा लेने जाएंगे।
“23 जिलों पर असर: अमृतसर से लेकर तरनतारन तक 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पठानकोट, पटियाला, रोपड़, नवांशहर, मोहाली, संगरूर और मुक्तसर शामिल हैं।”