BURNING NEWS✍️
तरनतारन में थाना खालड़ा में तैनात सब-इंस्पेक्टर साहिब सिंह को CIA स्टाफ की टीम ने करीब 300 ग्राम हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, CIA स्टाफ को सूचना मिली थी कि संबंधित पुलिस अधिकारी कथित तौर पर अपनी वर्दी का दुरुपयोग करते हुए नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल है।
इसी सूचना के आधार पर एसपी (इन्वेस्टिगेशन) रिपुतापन सिंह की अगुआई में एक विशेष टीम का गठन कर ये कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार, यह बरामदगी तरनतारन जिले के गांव मजूपुर के निवासी साहिब सिंह से जुड़े झबाल के पास स्थित एक अहाते से हुई। छापेमारी के दौरान करीब 300 ग्राम हेरोइन और कथित ड्रग मनी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने साहिब सिंह को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि आरोपी SI पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन को पंजाब सहित अन्य राज्यों में भेजने में मदद करता था। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पंजाब पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में बरामदगी, गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी का आधिकारिक पुष्टि के साथ सामने आना अभी बाकी है