BURNING NEWS✍️
घरेलू विवाद के बीच पति ने सड़क पर अपनी ही पत्नी को गोलियों से भून दिया। बठिंडा में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पति बिना नंबर की बाइक पर आया। फिर दुकान से घर लौटती पत्नी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पहले इसे अज्ञात हमलावर का काम समझा गया लेकिन बाद में पता चल गया कि कत्ल करने वाला उसका ही पति है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मृतका के परिजनों का कहना है कि आरोपी पत्नी से दहेज की मांग करता था। वहीं पुलिस ने भी घरेलू क्लेश की बात कही है। फिलहाल आरोपी की तलाश और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक बठिंडा के धोबियाना की रहने वाली गुरमीत कौर(35) की शादी करीब 14 साल पहले जस्सी बाग वाली मनजीत सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके 2 बच्चे भी हुए। हालांकि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। जिसकी वजह से घर में कलह रहती थी।

DSP सरां के मुताबिक पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। शुरुआती जांच में कत्ल की वजह यही लग रही है। हालांकि असली वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही पता चलेगी। फिलहाल थाना संगत में आरोपी पति पर केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है