BURNING NEWS✍️
पाकिस्तान दर्शन के लिए गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे से कपूरथला की महिला सरबजीत कौर की गैरमौजूदगी का मामला अब स्पष्ट हो गया है। शुरुआती तौर पर सरबजीत के लापता होने की सूचना मिली थी, लेकिन जांच में पता चला है कि वे अब लापता नहीं, बल्कि उन्होंने पाकिस्तान में अपना नाम बदलकर नूर हुसैन के नाम से निकाह कर लिया है।
सरबजीत कौर 1,932 श्रद्धालुओं के साथ 4 नवंबर को अटारी बॉर्डर से पाकिस्तान गई थीं, लेकिन वापसी जत्थे में शामिल नहीं थीं। जांच के दौरान उनके इमिग्रेशन फॉर्म में राष्ट्रीयता और पासपोर्ट नंबर खाली मिलने से संदेह बढ़ गया था। इसी आधार पर भारतीय एजेंसियों ने पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क कर जांच शुरू की। अब सामने आई जानकारी के अनुसार सरबजीत ने पाकिस्तान में निकाह कर लिया है।
सिलसिलेवार पढ़िए पूरा मामला…
1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ गई थी पाकिस्तान: महिला की पहचान सरबजीत कौर, निवासी पिंड अमैनीपुर, डाकघर टिब्बा, जिला कपूरथला (पंजाब) के रूप में हुई है। सरबजीत कौर 4 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1932 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ अटारी बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान गई थी। जत्था 10 दिनों तक विभिन्न गुरुधामों के दर्शन करने के बाद भारत लौट आया, लेकिन वापसी के समय 1922 श्रद्धालु ही लौटे। सरबजीत कौर जत्थे में शामिल नहीं मिलीं।
जत्थे के कुछ सदस्य पहले लौटे: भारत लौटने से पहले श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज, चार अन्य सदस्य और तीन महिलाएं-जिनके घरों में कोई बीमार था- पहले ही लौट आए थे। लेकिन सरबजीत कौर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर उनके लापता होने की पुष्टि हुई।
इमिग्रेशन फॉर्म से बढ़ा संदेह: सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि पाकिस्तानी इमिग्रेशन पर भरे गए फॉर्म में सरबजीत कौर ने अपनी राष्ट्रीयता और पासपोर्ट नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां खाली छोड़ दी थीं। इससे उनकी पहचान और ट्रैकिंग में मुश्किलें बढ़ गई हैं।
एजेंसियों ने शुरू की जांच: मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित भारतीय एजेंसियों ने सरबजीत कौर की तलाश शुरू कर दी है। भारतीय दूतावास और पाकिस्तान स्थित अधिकारियों से भी संपर्क साधा जा रहा है ताकि महिला का पता लगाया जा सके। हांलाकि अब जांच में सामने आया है कि सरबजीत कौर ने अपना नाम बदलकर शादी कर ली है। सरबजीत ने अपना नाम नूर हुसैन रख लिया।