BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
पंजाब के लुधियाना में सिंगर राजवीर जवंदा के अंतिम संस्कार में 150 लोगों के मोबाइल चोरी हो गए। जिनमें सिंगर गगन कोकरी, जसबीर जस्सी और म्यूजिक प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल का भी मोबाइल शामिल है। इसका खुलासा खुद सिंगर गगन कोकरी ने वीडियो जारी करके किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि संस्कार में जेबकतरे भी पहुंचे हुए थे। जिन्होंने 2 से 3 लाख रुपए चुरा लिए।
बता दें कि सिंगर जवंदा का अंतिम संस्कार 9 अक्टूबर को लुधियाना के गांव पौना में हुआ था। इस दौरान भारी संख्या में लोग सिंगर को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ शरारती तत्व भी वहां पहुंच गए और लोगों के मोबाइल पर हाथ साफ कर दिए।
मोबाइल चोरी होने के बारे में सिंगर कोकरी ने क्या-क्या कहा…
- कुछ लोग प्लानिंग के साथ आए: सिंगर गगन कोकरी ने कहा कि राजवीर के साथ जिन लोगों का रोजाना का मिलना-जुलना नहीं था, वह लोग परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने आए थे। कई कलाकार तो ऐसे भी आए थे, जो कभी राजवीर को मिले भी नहीं थे। फिर भी परिवार के साथ उनकी संवेदना थी। इस दुख की घड़ी में कुछ ऐसे लोग भी है, जो पूरी प्लानिंग के साथ संस्कार पर आए।
- 150 से ज्यादा लोगों के मोबाइल चोरी: कोकरी ने कहा- इन लोगों ने 150 से अधिक लोगों के मोबाइल चुरा लिए। इनमें मेरा खुद का मोबाइल, जसबीर जस्सी, पिंकी धालीवाल के दो मोबाइल चोरी हुए। बास म्यूजिक डायरेक्टर का मोबाइल भी गायब हुआ। मेरे खुद की पहचान वाले जो लोग है, उनके यदि पैसों की बात करें, तो करीब 2 से 3 लाख रुपए चोरी हो गए। कई लोग तो ऐसे भी होंगे, जिनका अभी पता ही नहीं और जिन्होंने पुलिस को शिकायत भी नहीं लिखवाई होगी।
- भगवान पता नहीं, इनको कौन सी सजा देगा: कोकरी ने कहा- मैं हैरान हूं, ऐसे लोग ये सोच कर आए कि उन्होंने चोरी करनी है। भगवान ने इन लोगों को पता नहीं कौन से सजा देनी है। बात हमारे मोबाइल फोन चोरी होने की नहीं है, बल्कि इन लोगों की सोच की बात है। मेले या रैलियों पर तो मान सकते है कि मोबाइल चोरी हो जाते है या जेब कट जाती है, लेकिन संस्कारों पर इस तरह से चोरी होना बहुत गलत है।
- 20 से 25 लोगों का गैंग: कोकरी ने कहा- ये किसी अकेला व्यक्ति का काम नहीं है। 20 से 25 लोगों का ग्रुप है, जिसने ये काम किया है। यदि किसी भी व्यक्ति को इन लोगों के बारे एक प्रतिशत भी जानकारी हो, तो तुरंत हमें बताए हम एक उदाहरण पेश करेंगे, ताकि आगे से ऐसा काम ना हो। कई लोगों को संस्कार वाली जगह से वापस जाने के लिए लोकेशन का पता नहीं था। उन्होंने मोबाइल ही इस्तेमाल करना था।
- अब किसी से मोबाइल लेकर सिम डाला: कोकरी ने कहा- उस समय हमारे पर बुरा समय था, इस तरफ ध्यान नहीं था, अब सोचते है कि लोग इस तरह के भी है, जो चोरी की सोच लेकर संस्कार में आते है। अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा। पंजाबी इंडस्ट्री के लिए दुख की घड़ी है। कल वरिंदर घुम्मन की भी डेथ हो गई। मैं उन्हें फिटनेस के मामले में आईकान मानते है। जवंदा के साथ मेरा प्यार बहुत था। बहुत चीजें हमने प्लान की हुई थी। अब किसी से मोबाइल लेकर सिम डाला है, तो लोगों के बीच आकर बात रख रहा हूं।