BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA 

बठिंडा के डबवाली रोड स्थित एक निजी कॉलोनी में रविवार देर रात एक बेहद दुखद घटना सामने आई। पेशे से वकील और दिवंगत कांग्रेस नेता सुखराज सिंह नत्त के बेटे दविंदरपाल सिंह नत्त ने अपने आवास पर अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। इस मामले में मृतक ने सांसद चन्नी से भी फोन करवाया था कि उसने मोहाली के सुषमा बिल्डर से पैसे लेने है पर फिर भी उसने पैसे नहीं दिए।

आत्मघाती कदम उठाने से पहले दविंदरपाल ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसे अब सुसाइड नोट के तौर पर देखा जा रहा है। इस वीडियो में उन्होंने मोहाली के एक प्रमुख निजी बिल्डर और उसके परिवार के सदस्यों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

करोड़ रुपये के लेन-देन का मामला

वीडियो में दविंदरपाल ने भावुक होते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने उक्त बिल्डर को करीब 4 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन वह रकम वापस नहीं मिल रही थी। उन्होंने दावा किया कि इस मामले को सुलझाने के लिए उन्होंने एक मंत्री से भी मुलाकात की थी, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें कोई राहत नहीं मिली और न ही कोई कार्रवाई हुई। आर्थिक और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।

पिता का सपना पूरा न कर पाने का जताया दुख

दविंदरपाल के पिता सुखराज सिंह नत्त पंजाब की राजनीति का जाना-माना चेहरा थे। वह वेवको (WEAVCO) के पूर्व चेयरमैन रहे और 2002 में जोगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इसके बाद 2007 में जोगा और 2017 में मौड़ से उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमाई थी। मई 2020 में उनका निधन हो गया था।

दविंदरपाल ने वीडियो में अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए दुख व्यक्त किया कि वह उनके सपनों को पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने अपनी वित्तीय स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन पर बैंक का 80 लाख रुपये और कुछ अन्य लोगों का करीब 10-20 लाख रुपये का कर्ज है, जिसे उनका परिवार चुका देगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दविंदरपाल के शव और उनकी लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया गया है और बिल्डर के खिलाफ लगाए गए आरोपों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।