BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA 

रांग साईड ने जालंधर में तीन बच्चियों से उनके सिर से माँ बाप का साया छीन लिया तीनों बच्चियाँ एक ही पल में अनाथ हो गई है।
जालंधर में विधिपुर फ्लाईओवर के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मृतकों की पहचान लुधियाना के गांव बिलासपुर निवासी सुरिंदर शुक्ला, उनकी पत्नी प्रियंका और मां यावंती के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार इनोवा चालक की तलाश की जा रही है।
सुरिंदर शुक्ला अपने परिवार के साथ स्विफ्ट कार में ब्यास (Beas) की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विधिपुर फ्लाईओवर के पास एक इनोवा कार कथित तौर पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आई और स्विफ्ट कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।

परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद इनोवा चालक घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। हादसे के समय प्रियंका की मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल सुरिंदर शुक्ला ने रात करीब 8 बजे दम तोड़ दिया, जबकि उनकी मां यावंती की रात करीब 9 बजे मौत हो गई

हादसे में तीन बच्चियां भी गंभीर घायल हुई हैं। 13 वर्षीय अंशिका की दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर बताए जा रहे हैं। वहीं 8 वर्षीय अर्पिता और एक वर्षीय मानवी को भी गंभीर चोटें आई हैं। तीनों बच्चियों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और इनोवा कार व चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है