BURNING NEWS✍️

पंजाब के अमृतसर में आज कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन करेगी। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके इसमें पहुंचेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। दीपके ने बताया कि आज शाम 4 बजे अमृतसर पहुंचेंगे। उन्होंने युवाओं से अमृतसर गोल्डन गेट पर इकट्‌ठे होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि NEET और CBSE छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी। यदि सभी लोग मिलकर आवाज उठाएं तो NEET और CBSE के छात्रों को न्याय मिल सकता है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं।

  • CJI के बयान से शुरू हुआ विवाद: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नाम से लेकर उसके गठन तक की कहानी भी काफी दिलचस्प है। 5 मई 2026 को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं व कार्यकर्ताओं को लेकर कथित तौर पर “कॉकरोच” और “समाज के परजीवी” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया, लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर व्यापक बहस छिड़ चुकी थी।
  • मजाकिया अंदाज में ऑनलाइन लॉन्च की पार्टी: इसी बीच अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक व्यंग्यात्मक पोस्ट करते हुए सवाल उठाया, “क्या होगा अगर देश के सभी कॉकरोच एक साथ आ जाएं?” इस पोस्ट को युवाओं का काफी समर्थन मिला। इसके बाद 16 मई 2026 को उन्होंने मजाकिया अंदाज में ऑनलाइन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) लॉन्च कर दी।
  • अभियान युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय: पार्टी की सदस्यता के लिए प्रतीकात्मक शर्त रखी गई कि सदस्य बेरोजगार, आलसी और हमेशा ऑनलाइन रहने वाला होना चाहिए। यह व्यंग्यात्मक अभियान युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया। पार्टी का दावा है कि कुछ ही दिनों में उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स जुड़ गए, जो कई स्थापित राजनीतिक दलों से भी अधिक हैं। इसके बाद पार्टी ने अपना घोषणा पत्र भी जारी किया और विभिन्न मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की।