एसएसपी ने दी मर्डर से जुड़ी जानकारी
एसएसपी अमनीत कौंडल ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी सिटी नरिंदर सिंह की अगुवाई में हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए टीमों का गठन किया गया।इस टीम में डीएसपी ( हत्या और फॉरेंसिक) मनजीत सिंह के नेतृत्व में कैंट पुलिस स्टेशन की पुलिस पार्टी ने आरोपियों को गिरफ्तार करने और उपरोक्त मामले के हत्यारों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि बीती 11 जून, 2025 को कंट्रोल रूम बठिंडा में फोन आया कि आदेश अस्पताल भुच्चों मंडी की पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी से बदबू आ रही है, तो पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और गाड़ी ईओएन नंबर पीबी-10-एफडब्लू-9179 को चेक किया। जिस पर मौके पर फोरेंसिक की टीम को बुलाकर जांच की गई।
गाड़ी की पिछली सीट पर 30-35 साल की महिला की एक लाश मिली। लाश के वारिस मौके पर न होने के कारण लाश को पहचान के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में रखवा दिया गया। 12 जून 2025 को मृतक महिला की माता गिरजा देवी निवासी लुधियाना ने उक्त मृतक महिला की पहचान कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर के तौर पर की।
मृतका की मां के आधार पर बयान दर्ज
मृतक की मां के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया। मृतक की माता ने बताया कि उसकी बेटी कंचन कुमारी जोकि 30 साल की है और सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर कमल कौर भाभी के नाम से वीडियो अपलोड करती है व रील बनाती है और अक्सर वीडियो और रील शूट करने के लिए घर से बाहर जाती रहती है।
बीती आठ जून 2025 को लुधियाना के लक्ष्मण नगर में कमल कौर के घर एक व्यक्ति मिलने आया था, जिसने अपना नाम अमृतपाल सिंह बताया था। उसने कंचन से कहा कि उसे कारों की एड करवाने के लिए बठिंडा जाना है, लेकिन कंचन ने जाने से मना कर दिया।
वहीं 9 जून 2025 को अमृतपाल सिंह फिर से कंचन उर्फ कमल को फोन कर रहा था। कमल दोपहर 3.30 बजे अपनी उक्त गाड़ी में घर से निकली और अपनी मां से कहा कि वह बठिंडा जा रही है और काम खत्म करके वापस आ जाएगी, लेकिन उस दिन रात 11 बजे के बाद कंचन ने अपनी मां से बात नहीं की। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू कर दी।
कार के प्रमोशन का बनाया बहाना
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल सिंह मेहरू जोकि 8 जून, 2025 को कमल कौर के घर गया था, लेकिन कमल घर पर नहीं था, वापस चला गया। वहीं, 9 जून 2025 को कार की प्रमोशन करवाने के बहाने आरोपित जसप्रीत सिंह निवासी धुरकोट टाहली वाला चौक, गांव मेहरों, जिला मोगा और निमरतजीत सिंह निवासी पेटी रोड, हरिके पतन जिला तरनतारन कमल कौर को लेकर बठिंडा लेकर आए।
गला घोंटकर की हत्या
कमल कौर (Kamal Kaur Murder in Bathinda) को बठिंडा के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, इसलिए दोनों आरोपित अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी कमल की गाड़ी के साथ लेकर आए।उन्होंने उसकी कार को रिपेयर करवाने के लिए गैराज में खड़ी की और कार रिपेयर होने के बाद वे उसी रात करीब एक बजे भुच्चो मंडी की एक सुनसान जगह पर ले गए और जहां पर दोनों आरोपियों ने कमल कौर की गाड़ी में बैठकर उसे समझाया कि वह अपने सोशल मीडिया पेज से कौर शब्द हटाएं दे, लेकिन वह मानी नहीं।
जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपियों ने कमल कौर उर्फ कंचन कुमारी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। उन्होंने शव को कार में रखा और कार को आदेश अस्पताल की पार्किंग में खड़ी करके फरार हो गए। जांच के दौरान जसप्रीत सिंह तथा निमरतजीत सिंह बीती 12 जून की रात को गिरफ्तार किया गया।
अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए जुटी टीमें
एसएसपी ने बताया कि उपरोक्त आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में लिया जाएगा, जिनसे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्होंने मोगा जिले के गांव मेहरों निवासी निहंग सिंह अमृतपाल सिंह मेहरों (Amritpal Singh Mehron) के कहने पर ये सब किया।
उनका कहना था कि कंचन अपना नाम कमल कौर रखकर वीडियो के जरिए यूथ को गलत रास्ते पर लेकर जा रही थी। समझाने पर भी वह नहीं मानी। अमृतपाल की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हुई हैं।