The specified slider is trashed.

Home » Breaking » डंकी रास्ते से अमेरिका गए पंजाब के युवक की रास्ते में मौत

डंकी रास्ते से अमेरिका गए पंजाब के युवक की रास्ते में मौत

BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA 

अमेरिका जाने की इतनी ख्वाहिश की कि आठ महीने से जंगलों में भटकने को भी युवा तैयार है,हालाँकि इस दौरान युवक की अमेरिका पहुँचने से पहले ही मौत हो गई। डंकी रूट से अमेरिका जा रहे डेराबस्सी के गांव शेखपुरा निवासी युवक रणदीप की कंबोडिया में बीमारी से मौत हो गई। यह युवक आठ माह पहले अमेरिका जाने के लिए निकला था। इस युवक के पांव में फोड़ा हो गया था, सर्जरी भी करवाई थी, लेकिन उसकी हालत ज्यादा बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इस मामले में परिवार ने डेराबस्सी थाने में ट्रैवल एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई है।

डेराबस्सी के गांव शेखपुरा कलां निवासी रणदीप आठ माह पहले डंकी रूट से अमेरिका के सपने लेकर निकला था। अमेरिका पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में दूसरे देश कंबोडिया में ही बीमारी के कारण उसका देहांत हो गया। अब परिवार मृतक के शव का इंतजार कर रहा है। जानकारी के अनुसार 10वीं पास यह 24 वर्षीय युवक (रणदीप पुत्र बलविंदर) घर में सबसे छोटा था। वह अविवाहित था। अमेरिका भेजने की यह डील अंबाला के एक रिश्तेदार ट्रेवल एजेंट के साथ हुई थी। इसमें करीब 43 लाख रुपये लगे थे।

परिवार की स्थिति है खराब
इस परिवार की माली हालत काफी खराब है। यह दिहाड़ी मजदूर हैं। जैसे तैसे कर्ज समेत 25 लाख का परिवार ने किसी तरह इंतजाम किया। अपने बेटे को परिवार ने 1 जून 2024 को अमेरिका के लिए रवाना किया था। इस बीच अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका आए लोगों को डिपोर्ट करने का फरमान जारी कर दिया। इस कारण एजेंट उसे करीब छह माह तक एक देश से दूसरे देश में अवैध रूप से घुमा रहा था। वह उसको अमेरिका पहुंचाने का झांसा देता रहा।

हो गया था पांव में फोड़ा
कंबोडिया में रणदीप के पांव में फोड़ा हो गया। उसने वहीं सर्जरी करवाई पर कोई आराम नहीं आया। उसके घाव में पस पड़ने लगा। कुछ दिन पहले उसके बड़े भाई रवि से फोन पर बात कर उसने भारत आने की इच्छा जताई थी। एक दिन पहले उसके भाई को कंबोडिया से एक युवक का फोन आया। यही युवक रणदीप की सहायता कर रहा था। उसने बताया कि रणदीप की तबीयत काफी बिगड़ गई है। उसके भाई ने उसके इलाज के लिए कुछ रुपये भेजे। देर रात ज्यादा तबीयत खराब होने पर उसने दम तोड़ दिया। अब परिवार के सदस्यों ने पंजाब सरकार से गुहार लगाकर मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।