पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के साथ फिल्म ‘जट एंड जूलियट 3’ में काम कर चुकीं रंजीत कौर उर्फ ‘भाभी चुम्मेवाली’ इन दिनों सोशल मीडिया पर अपने वीडियो को लेकर विवादों में घिर गई हैं। उनकी रील्स का एक खास अंदाज लोगों के बीच काफी फेमस हुआ था, जिसमें वह किसी व्यक्ति का नाम लेकर ‘आई लव यू’ कहतीं, फ्लाइंग किस देतीं और अंत में कहती हैं, ‘वीरवार है या जुम्मां ले, चक्क भाभी दा चुम्मा।’ बस इसी बड़बोलेपन के कारण वो विवादों में आ गई हैं।
उनकी यही तुकबंदी अब विवाद का कारण बन गई है। निहंगों के एक जत्थे ने इस कंटेंट को आपत्तिजनक बताते हुए लुधियाना स्थित उनके घर पहुंचकर विरोध जताया और कहा कि इस तरह की अश्लीलता उन्हें नहीं करनी चाहिए। जत्थे के प्रमुख मनप्रीत सिंह खालसा ने आरोप लगाया कि रंजीत कौर सोशल मीडिया पर अश्लील और फूहड़ कंटेंट परोस रही हैं, जिसका समाज और युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। निहंगों ने उन्हें चेतावनी भी दी कि अगली बार से ऐसा कुछ नहीं दिखना चाहिए।
रंजीत कौर को धमकी, अश्लील कंटेंट का आरोप
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, निहंग जत्थे और रंजीत कौर के बीच करीब 15 मिनट तक तीखी बातचीत हुई। इस दौरान रंजीत कौर लगातार उनके सामने गिड़गिड़ाती दिखीं और यह कहती रहीं कि उनकी रील्स में कोई अश्लीलता नहीं है और वह केवल मनोरंजन के लिए तुकबंदी करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसी काम से उनका घर चलता है और यदि कंटेंट अश्लील होता तो वह अपनी बेटी के साथ ऐसे वीडियो नहीं बनातीं।
निहंगों ने दी चेतावनी- भविष्य में न हो ऐसा
वहीं, निहंगों ने उनके तर्कों को स्वीकार नहीं किया और भविष्य में ऐसी रील्स न बनाने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने रंजीत कौर से विवादित वीडियो हटाने और आगे इस तरह का कंटेंट पोस्ट न करने को कहा। विवाद के बाद रंजीत कौर ने एक लिखित माफीनामा सौंपा, जिसमें उन्होंने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में कोई भी ऐसा वीडियो पोस्ट नहीं करेंगी जिससे समाज या किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे।
धर्म के नाम पर पाखंड बर्दाश्त नहीं
निहंग सिंह मनप्रीत सिंह खालसा ने घर के अंदर बने मंदिर को देखकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो घर में धार्मिक आस्था के प्रतीक मौजूद हैं और दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर गंदगी और अश्लीलता परोसी जा रही है। उन्होंने रंजीत कौर को फटकार लगाते हुए कहा कि धर्म के नाम पर ऐसा पाखंड और समाज में ऐसी फूहड़ता सिख कौम और समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।