BURNING NEWS✍️RAJESH SHARMA
जालंधर के कालियां कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल के बाहर पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में शिव नगर निवासी युवक सौरव सिंह के पेट में गोली लगी है, जिन्हें गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी देते हुए घायल सौरव के छोटे भाई बोबी ने बताया कि वे टूर एंड ट्रैवल का काम करते हैं और उनका दफ्तर बल अस्पताल के पास ही है। बीती रात वे अपने एक परिचित का हालचाल जानने के लिए अस्पताल गए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने एक साथी को पास के पेट्रोल पंप से पानी लाने के लिए भेजा।
वहां पहले से मौजूद कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथी पर हमला कर दिया। बोबी का दोस्त अपनी जान बचाने के लिए भागकर अस्पताल के पास पहुंचा। जब बोबी ने बीच-बचाव कर उन युवकों को समझाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
भाई को बचाने आए सौरव पर चलाई गोली
मारपीट की सूचना मिलते ही बोवी के बड़े भाई सौरव सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही सौरव ने अपने भाई को बचाने का प्रयास किया, हमलावरों ने देसी कट्टे से उन पर गोली चला दी। गोली सौरव के पेट में लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।









Users Today : 593