BURNING NEWS✍️
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 19 जून को होने वाले उपचुनाव के लिए आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के समर्थन में आज लुधियाना वेस्ट के श वार्ड नंबर- 60 और 62 के लोगों को संबोधित किया। मान ने अरोड़ा के व्यक्तित्व और अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला एवं मतदाताओं से निरंतर विकास के लिए आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए मान ने लोगों से कहा कि मुझे आज आपके बीच आना था लेकिन सेहत ठीक नहीं होने के कारण मैं वीडियो के जरिए संबोधन कर रहा हूं।
आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा की प्रशंसा करते हुए मान ने कहा कि वह नेक दिल इंसान हैं। लोगों के कामों के लिए हमेशा प्रयास करते हैं। जब भी मौका मिलता है वह लोगों के काम करवाने के लिए खुद निकल जाते हैं। जब वह विधायक बन जाएंगे और मेरे कैबिनेट के साथी बन गए फिर उनके पास काम करवाने की शक्ति और बढ़ जाएगी।
उन्होंने लोगों से कहा कि मुझे उम्मीद है कि आप 19 तारीख को झाड़ू का बटन दबाकर आम आदमी पार्टी को फतवा देंगे। 2022 में भी आपने स्वर्गीय गुरप्रीत गोगी जी को मौका दिया था लेकिन आज वह हमारे बीच नहीं रहें। इसलिए यह चुनाव हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारे नेताओं में अहंकार नहीं है। वहीं रिवायती पार्टियों के नेता गालियों के बिना किसी से बात नहीं करते और घर आए लोगों की बेइज्जती करते हैं। इसलिए इस बार भी अहंकार को हराएं और विनम्रता को जिताएं।
अपनी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि हमारी सरकार ने पिछले तीन वर्षों में पंजाब में परिवर्तनकारी बदलाव लाए हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियां, स्वच्छ पेयजल, मोहल्ला क्लीनिक की स्थापना और स्कूलों, सड़कों व अस्पतालों का पुनरुद्धार करने जैसी उपलब्धियां गिनाईं और आश्वासन दिया कि पंजाब के विकास के लिए हमारी सरकार का समर्पण कभी कम नहीं होगा।
वहीं अगली जनसभा में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना के करतार पार्क में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वार्ड नंबर 60 के मतदाताओं से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 19 जून को आपकी जिम्मेदारी खत्म होती है, और हमारी जिम्मेदारी शुरू हो जाएगी।
गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में मौजूद भीड़ को देखकर मुख्यमंत्री ने जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि इतनी गर्मी में माताओं, बहनों, बुजुर्गों और बच्चों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि लुधियाना वेस्ट के लोग बदलाव करना चाहते है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह उपचुनाव सिर्फ एक उम्मीदवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के भविष्य के लिए है। 2022 में आपने हमें जनादेश दिया था, लेकिन हमारे साथी गुरप्रीत गोगी अब हमारे बीच नहीं रहे। अब ये चुनाव संजीव अरोड़ा के लिए नहीं, आपके क्षेत्र के विकास के लिए है।
भगवंत मान ने लोगों से अपील की कि वे मतदान को हल्के में न लें। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग छुट्टी के दिन वोट डालने के बजाय पिकनिक मनाने चले जाते हैं, लेकिन ये चुनाव आपके बच्चों, आपके मोहल्ले, और पूरे लुधियाना की दिशा तय करेगा। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर ठंडे पानी और समुचित व्यवस्था की सुविधा है, और वोट डालने में औसतन 10 से 15 मिनट से ज़्यादा समय नहीं लगेगा।
मुख्यमंत्री ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि चुनाव जीतते ही 24 जून से क्षेत्रीय विकास का काम शुरू कर दिया जाएगा। हमारे मंत्रियों के पास पूरे पंजाब के लिए फंड होता है, तो क्या वे अपने ही क्षेत्र को पीछे छोड़ देंगे? संजीव अरोड़ा जैसा ज़मीनी नेता लुधियाना को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकता।
जनसभा में उन्होंने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला, मान ने बिना नाम लिए भाजपा और कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा, वे लोग दिन में रैलियां नहीं कर पाते, क्योंकि जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं है। औरतों के साथ उनका व्यवहार, उनका अभिमान जनता सब जानती है।
मुख्यमंत्री मान ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा चुनावी मैदान से लगभग बाहर हो चुकी है और अब वोट ट्रांसफर करवाकर आम आदमी पार्टी को रोकने की कोशिश कर रही है। लेकिन हमें गुमराह नहीं होना है।
भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। अब कोर्ट-कचहरियों में दलालों का कोई स्थान नहीं है। म्यूटेशन, फर्द, डेथ सर्टिफिकेट सब ऑनलाइन हो गया है। जिस काम को पहले होने में कई कई दिन महीने लगते थे वो अब 24 घंटे में होता है। उन्होंने दावा किया कि जनता को अब किसी पटवारी, तहसीलदार या वकील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि झाड़ू का प्रतीक आज भ्रष्टाचार, नशाखोरी और बेरोज़गारी जैसी गंदगी की सफाई कर रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, स्ट्रीट लाइट और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का मकसद लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाना है।